IMG 20251206 224012 साइकिल से गिरकर 14 वर्षीय गौरव कुमार की मौत

साइकिल से गिरकर 14 वर्षीय गौरव कुमार की मौत

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला के धोरैया थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें साइकिल से गिरकर 14 वर्षीय गौरव कुमार की मौत हो गई। गौरव, हसाय पंचायत के हसाय गांव निवासी रमेश पासवान का पुत्र था। परिजनों ने बताया कि वह बीते कुछ समय से अपने कुसमी गांव निवासी मौसा कुशेश्वर पासवान के यहां रह रहा था। उसी दौरान यह दुखद हादसा हुआ।

 

जानकारी के अनुसार, किशनपुर चैनपुर से जोठा की ओर जाने वाली सड़क पर गौरव साइकिल चला रहा था। इसी क्रम में अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। गिरने के बाद वह बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी उसके मौसा और परिजनों को दी। परिजन तत्काल उसे धोरैया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

गौरव पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उसकी मौत की खबर मिलते ही गांव और परिवार में मातमी सन्नाटा छा गया। घर पर मौजूद उसकी बहन वैष्णवी ने रोते हुए बताया कि उनके माता-पिता दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे की सूचना मिलने पर वे भी सदमे में हैं और घर लौटने की तैयारी कर रहे हैं। गौरव की असामयिक मृत्यु ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना वाले मार्ग पर अक्सर बच्चे और ग्रामीण साइकिल से आवाजाही करते हैं, लेकिन सड़क की स्थिति संतोषजनक नहीं होने के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क को दुरुस्त कराने की मांग भी दोहराई है।

See also  भागलपुर से ट्रैक्टर चोरी कर शंभुगंज में बेचने पहुंचे चोर, दो गिरफ्तार, एक फरार

 

घटना की जानकारी मिलते ही धोरैया पुलिस मौके पर पहुंची और औपचारिक रूप से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

 

गौरव की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।

 

रिपोर्ट -आसुतोष कुमार सिंह