Screenshot 20260325 212813 बांका में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।

बांका में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत अहीरों गांव में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। युवक की पहचान महेश मंडल के पुत्र उत्तम कुमार मंडल के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। बुधवार को घटना सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

मिली जानकारी के अनुसार घर के सभी सदस्य गांव में आयोजित भागवत कथा सुनने गए हुए थे। इसी दौरान युवक घर पर अकेला था। जब देर रात परिजन कथा सुनकर वापस लौटे तो घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। युवक गमछे के सहारे फंदे से झूलता हुआ मिला। यह देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

घटना की सूचना तुरंत धोरैया थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक की शादी करीब दो वर्ष पूर्व चलना गांव की एक युवती से हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। मृतक की मां दुलारी देवी ने बताया कि रामनवमी के अवसर पर उनकी बहू घर आने वाली थी। परिवार के लोग भागवत कथा सुनने गए थे, लेकिन घर लौटने पर बेटे को फंदे से झूलता देखकर सभी सदमे में आ गए।

See also  बांका के सीएसपी संचालक को मारी गोली, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

धोरेया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।