file 2026 04 08T16 50 19 शंभुगंज में भीषण आग से 11 बीघा गेहूं की फसल राख, चार किसानों को लाखों का नुकसान

शंभुगंज में भीषण आग से 11 बीघा गेहूं की फसल राख, चार किसानों को लाखों का नुकसान

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला के शंभुगंज थाना क्षेत्र की छतहार पंचायत अंतर्गत टीना बहियार में मंगलवार शाम अचानक लगी आग ने चार किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आग लगने से करीब 11 बीघा में लगी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। इस घटना में किसानों को दो लाख रुपये से अधिक की क्षति होने का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार, टीना निवासी कुमार गौरव की दो बीघा, जयराम मांझी की तीन बीघा, पंकज तांती की तीन बीघा और गुलनी कुशहा निवासी मनोरंजन कुमार सिंह की तीन बीघा में लगी फसल जल गई। बताया गया कि मंगलवार शाम किसान बहियार में रबी फसल की कटाई और तैयारी में लगे थे। इसी दौरान अचानक धुआं उठता दिखा, जिसे पहले लोगों ने फसल अवशेष जलाने की सामान्य घटना समझा। लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में धुआं फैल गया।

शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पंपिंग सेट की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही थाना, अंचल कार्यालय और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। हालांकि, जब तक बांका से अग्निशमन दल पहुंचता, तब तक पूरी फसल जलकर खाक हो चुकी थी।

पीड़ित किसानों ने बताया कि उन्होंने कड़ी मेहनत और कर्ज लेकर खेती की थी। खासकर जयराम मांझी, पंकज तांती और मनोरंजन सिंह ने बटाईदारी पर महाजन से कर्ज लेकर फसल तैयार की थी। गेहूं की फसल से उन्हें काफी उम्मीद थी, लेकिन आग ने सबकुछ बर्बाद कर दिया।

किसानों ने अंचल, थाना और कृषि विभाग में आवेदन देकर मुआवजे की मांग की है। प्रभारी सीओ कविता कुमारी ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद आपदा राहत कोष से सहायता दिलाई जाएगी।

See also  25 मार्च तक काम पर लौटें, नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई: हड़ताली राजस्व अधिकारियों पर सरकार सख्त

रिपोर्ट -निवास कुमार सिंह