file 2025 12 27T16 50 18 विजयहाट चौक स्थित ज्वेलरी दुकान में भीषण चोरी, जिंदा कारतूस छोड़ दहशत फैलाने की कोशिश

विजयहाट चौक स्थित ज्वेलरी दुकान में भीषण चोरी, जिंदा कारतूस छोड़ दहशत फैलाने की कोशिश

Photo of author

By Banka Darshan News

 

बांका के बाराहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत विजयहाट चौक स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी है। चोरों ने दुकान से करीब डेढ़ किलो चांदी, 60 ग्राम सोना सहित नकद राशि की चोरी की है। इतना ही नहीं, वारदात के बाद दहशत फैलाने के उद्देश्य से दुकान के अंदर एक जिंदा कारतूस भी छोड़ दिया गया, जिससे यह संकेत देने की कोशिश की गई कि यदि चोरी के दौरान किसी ने विरोध किया होता तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते थे। घटना के बाद से पूरे विजयहाट चौक और आसपास के व्यवसायियों में भय का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विजयहाट चौक स्थित ज्वेलरी दुकान के मालिक लखनदेव साह शुक्रवार की देर शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। अंदर प्रवेश करने पर काउंटर पर रखा सामान पूरी तरह बिखरा हुआ मिला। दुकान में रखे गए नकद 5000 रुपये भी गायब थे। जब दुकानदार ने अपने स्टॉक की जांच की तो पाया कि करीब डेढ़ किलो चांदी, 60 ग्राम सोना तथा कुछ पुराने जेवरात चोरी हो चुके हैं।

दुकान के अंदर एक जिंदा कारतूस मिलने से मामला और भी गंभीर हो गया। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और किसी भी संभावित विरोध का सामना करने के लिए हथियार भी साथ रखे हुए थे। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में गहरा आक्रोश और भय दोनों देखने को मिल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

See also  बौंसी मेला में बिछड़े सैकड़ों बच्चों को प्रशासन ने परिजनों से सकुशल मिलाया

घटना की सूचना मिलते ही बाराहाट थानाध्यक्ष महेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दुकानदार लखनदेव साह ने इस संबंध में बाराहाट थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

रिपोर्ट -दीपक कुमार