file 2026 03 14T17 08 56 बांका में शादी की सालगिरह पर मिला अनोखा तोहफा, भरा हुआ गैस सिलिंडर बना चर्चा का विषय

बांका में शादी की सालगिरह पर मिला अनोखा तोहफा, भरा हुआ गैस सिलिंडर बना चर्चा का विषय

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका कटोरिया में शादी की सालगिरह पर दिया गया एक अनोखा उपहार इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। अमेरिका–इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव के असर से उत्पन्न रसोई गैस (एलपीजी) संकट के बीच यहां एक बहन और बहनोई ने अपने रिश्तेदार को भरा हुआ गैस सिलिंडर उपहार में देकर सभी को चौंका दिया।

जानकारी के अनुसार कटोरिया बाजार के बांका रोड निवासी बीपीएससी शिक्षक रौशन कृष्ण की शादी की सालगिरह के अवसर पर उनकी सगी बहन डॉ. रेशम विजयरत्ने और बहनोई डॉ. सुमन कुमार ने भागलपुर से भरा हुआ रसोई गैस सिलिंडर लाकर उन्हें भेंट किया। दोनों दंपती तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।

आम तौर पर किसी समारोह या कार्यक्रम में लोग पैसों से भरा लिफाफा, कपड़े या अन्य उपहार लेकर पहुंचते हैं, लेकिन इस मौके पर दिया गया गैस सिलिंडर का उपहार सबके लिए खास और अलग साबित हुआ। समारोह में मौजूद लोगों ने इस अनोखे गिफ्ट को देखकर खूब हंसी-मजाक किया और इसे व्यवहारिक व उपयोगी तोहफा बताते हुए इसकी सराहना भी की।

मौके पर मौजूद रिश्तेदारों और मेहमानों ने भी इस अनोखे उपहार का आनंद लिया और कहा कि मौजूदा समय में गैस सिलिंडर से बेहतर कोई गिफ्ट नहीं हो सकता।

बताया जाता है कि इन दिनों घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कटोरिया सहित आसपास के अधिकांश गैस एजेंसियों ने सिलिंडर बुकिंग की अवधि 25 दिनों से बढ़ाकर लगभग 45 दिन कर दी है। ऐसे में बड़े परिवारों के लिए समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराना चुनौती बन गया है।

See also  बांका रेल लाइन के पास मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, इलाके में सनसनी

इसी परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए दिया गया यह अनोखा उपहार अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे एक व्यवहारिक और समय के अनुरूप दिया गया उपहार बता रहे हैं।