IMG 20260227 205304 सरकारी अस्पताल में फैमिली प्लानिंग के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा,NH-327E जाम, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

सरकारी अस्पताल में फैमिली प्लानिंग के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा,NH-327E जाम, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

Photo of author

By Banka Darshan News

बिहार के सुपौल के त्रिवेणीगंज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। अनुमंडलीय अस्पताल में परिवार नियोजन ऑपरेशन के बाद एक 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करने के बाद अस्पताल के ठीक सामने NH 327E को जाम कर दिया है। मृतका की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के कशहा लतौना वार्ड 3 निवासी दिनेश कुमार की पत्नी रूबी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रूबी कुमारी को गुरुवार सुबह फैमिली प्लानिंग ऑपरेशन के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार शाम ऑपरेशन के बाद उन्हें अस्पताल में ही रखा गया। परिजनों का आरोप है कि शनिवार सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। कई बार कहने के बावजूद डॉक्टरों ने समुचित इलाज नहीं किया। आरोप है कि काफी देर बाद डॉक्टर मरीज को देखने पहुंचे, ऑक्सीजन लगाई और फिर वहां से भाग गए। स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए,जहां डॉक्टरों ने रूबी कुमारी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे परिजन शव को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। अस्पताल प्रबंधन से जवाब नहीं मिलने पर गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर एक ट्रक खड़ा कर दिया और अस्पताल के सामने पिपरा–त्रिवेणीगंज सड़क मार्ग NH-327E पर शव रखकर सड़क जाम कर दी। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। परिजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो,दोषी डॉक्टरों और नर्सों पर कार्रवाई की जाए तथा मृतका के परिवार को न्याय और मुआवजा दिया जाए। जामकर रहे परिजन NH पर टायर जलाकर जमकर हंगामा कर रहे हैं मौके पर त्रिवेणीगंज पुलिस पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और जाम हटवाने का प्रयास कर रही है। पुलिस प्रशासन परिजनों को समझाने-बुझाने में जुटा है, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

See also  जल्दी अमीर बनने की चाह में ऑनलाइन सट्टेबाजी के जाल में फंसते जिले के युवा, पुलिस कार्रवाई से खुल सकते हैं बड़े राज