file 2026 02 01T14 59 48 बांका के बाराहाट बाजार में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़कें हुईं अतिक्रमण मुक्त

बांका के बाराहाट बाजार में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़कें हुईं अतिक्रमण मुक्त

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला के बाराहाट  स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से रविवार को अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ा और सख्त अभियान चलाया। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) राजकुमार के नेतृत्व में बाराहाट बाजार में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई की गई, जिससे अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान अंचलाधिकारी विकास कुमार और थानाध्यक्ष महेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

प्रशासन ने बाजार क्षेत्र की मुख्य सड़कों के किनारे वर्षों से जमे अस्थायी दुकानों, ठेलों, गुमटियों और छप्परों को हटाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस कार्रवाई से बाजार में यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार देखने को मिला और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिली। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का समर्थन किया और इसे लंबे समय से जरूरी कदम बताया।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम राजकुमार ने सरकारी जमीन पर पक्का निर्माण कर चुके अतिक्रमणकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन लोगों ने अवैध रूप से स्थायी मकान या दुकानें बना ली हैं, वे स्वयं निर्धारित समय के भीतर इन्हें हटा लें। ऐसा नहीं करने पर प्रशासन द्वारा विधिवत नोटिस जारी कर बुलडोजर से निर्माण तोड़ा जाएगा। साथ ही सरकारी कार्य में बाधा डालने और अवैध कब्जा बनाए रखने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि बाराहाट बाजार में लगातार बढ़ रही भीड़ और अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या गंभीर होती जा रही थी, जिससे आम लोगों और आपात सेवाओं को परेशानी हो रही थी। इसी को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

See also  अधिक दाम पर खाद बिक्री की शिकायत पर पंजवारा में छापेमारी, दुकानदारों में मचा हड़कंप

रिपोर्ट -दीपक कुमार