IMG 20260112 211622 बांका में अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू, 10 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन

बांका में अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू, 10 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिले में पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय, लकड़ीकोला (बांका) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसको लेकर इच्छुक छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 जनवरी 2026 से प्रारंभ कर दी गई है। जिला कल्याण पदाधिकारी अजय कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी 9 फरवरी 2026 तक विभागीय वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।

जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने वाली छात्राओं के लिए प्रवेश पत्र 15 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। इसके बाद प्रवेश परीक्षा का आयोजन 1 मार्च 2026 को किया जाएगा। परीक्षा का परिणाम 13 मार्च 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। परिणाम के आधार पर चयनित छात्राओं का नामांकन 16 मार्च से 23 मार्च 2026 तक किया जाएगा, जबकि विद्यालय में शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होंगी।

उल्लेखनीय है कि अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय, लकड़ीकोला, बांका जिले का एक मॉडल विद्यालय है। यहां छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से अत्याधुनिक स्मार्ट कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशाला, समृद्ध पुस्तकालय तथा खेल का विशाल मैदान उपलब्ध कराया गया है। इसके अतिरिक्त छात्राओं को निःशुल्क आवास, भोजन एवं वस्त्र की सुविधा भी प्रदान की जाती है, जिससे वे बिना किसी आर्थिक चिंता के शिक्षा ग्रहण कर सकें और अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।

100 अंकों की होगी प्रवेश परीक्षा

जिला कल्याण पदाधिकारी अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6 से कक्षा 9 तक नामांकन लिखित वस्तुनिष्ठ परीक्षा के आधार पर लिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। प्रश्न पत्र में हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों से 20-20 अंकों के प्रश्न शामिल रहेंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है।

See also  बिहार में खुलेंगे पांच Gen-Z डाकघर, युवाओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं और विशेष बचत योजनाएं

विभिन्न कक्षाओं के लिए सीटें निर्धारित

विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं के लिए सीटों की संख्या भी निर्धारित कर दी गई है। कक्षा 6वीं में कुल 40 सीटें, कक्षा 7वीं में 6 सीटें, कक्षा 8वीं में 4 सीटें तथा कक्षा 9वीं में 4 सीटें उपलब्ध हैं। जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि नामांकन विभागीय नियमों एवं निर्धारित सीटों के अनुसार ही किया जाएगा।

आयु सीमा का रखना होगा विशेष ध्यान

आवेदन करने वाली छात्राओं के लिए आयु सीमा का पालन करना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की आयु 1 अप्रैल 2026 को निर्धारित सीमा के भीतर होनी चाहिए। कक्षा 6वीं के लिए आयु सीमा 10 से 13 वर्ष, कक्षा 7वीं के लिए 11 से 14 वर्ष, कक्षा 8वीं के लिए 12 से 15 वर्ष तथा कक्षा 9वीं के लिए 13 से 16 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु सीमा से बाहर पाई जाने वाली छात्राओं का आवेदन अमान्य कर दिया जाएगा।

इन दस्तावेजों के साथ करना होगा आवेदन

ऑनलाइन आवेदन केवल विभागीय वेबसाइट https://bcebconline.bihar.gov.in के माध्यम से ही किया जा सकता है। इसके अलावा विहित प्रपत्र में आवेदन हस्तलिखित या टंकित प्रति में जिला कल्याण कार्यालय, बांका में भी जमा किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र (वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम), आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो तथा वर्तमान विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा लेटर पैड पर जारी जन्मतिथि एवं वर्तमान कक्षा का प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा।

जिला कल्याण पदाधिकारी ने अभिभावकों एवं छात्राओं से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और विभागीय निर्देशों का पालन करते हुए सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ आवेदन करें, ताकि नामांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

See also  मंदार तराई में सफा पंथ के अनुयायियों की साधना, श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत हुआ क्षेत्र

 

रिपोर्ट – दीपक कुमार