बेलहर थाना क्षेत्र में एक आंगनबाड़ी सेविका के साथ छेड़खानी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाना में आवेदन देकर गांव के ही राजहंस कुमार पंडित और रंजीत कुमार उर्फ मुंशी के विरुद्ध बुरी नीयत से छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने अपने लिखित बयान में बताया कि घटना संध्या करीब सात बजे की है। वह शौच के लिए बहियार गई थी, तभी उक्त दोनों आरोपी उसकी ओर बढ़ने लगे। महिला के सतर्क होकर खड़ी हो जाने के बावजूद दोनों उसके पास पहुंचे और जबरन पकड़कर छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर जब महिला चिल्लाने लगी तो आरोपियों ने उसका मुंह और गला दबाने का प्रयास किया तथा उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। शोर-शराबा बढ़ने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी गांव के सामाजिक लोगों को भी दी। पीड़िता वर्तमान में आंगनबाड़ी सेविका के पद पर कार्यरत है, जबकि उसका पति बाहर मजदूरी के लिए गया हुआ है। महिला का आरोप है कि उक्त आरोपी और उनके परिजन पहले भी उसे गाली-गलौज करते रहे हैं और जान से मारने की धमकी देते रहे हैं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच के क्रम में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए.
रिपोर्ट – दीपक कुमार




