IMG 20251214 001624 बांका के महादेवपुर के आशीष राय ने राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप में बनाई जगह, ग्रामीणों में खुशी की लहर

बांका के महादेवपुर के आशीष राय ने राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप में बनाई जगह, ग्रामीणों में खुशी की लहर

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका अमरपुर प्रखंड के महादेवपुर गांव निवासी आशीष राय ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। आगामी 16 दिसंबर को राजस्थान के झुंझनु शहर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप प्रतियोगिता में चयनित होकर आशीष ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से महादेवपुर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।

 

आशीष राय, जितेंद्र राय एवं प्रेमलता देवी के पुत्र हैं। वह दो भाइयों में सबसे बड़े हैं। उनकी माता एक कुशल गृहिणी हैं, जबकि पिता एक मेहनती किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा आशीष को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। गांव के लोगों का कहना है कि आशीष बचपन से ही मेधावी छात्र होने के साथ-साथ खेलों में भी विशेष रुचि रखते थे।

 

स्थानीय ग्रामीण विभूति सिंह ने बताया कि आशीष की वॉलीबॉल में रुचि बचपन से रही है। महादेवपुर गांव में हर वर्ष आयोजित होने वाली वॉलीबॉल प्रतियोगिता में वह बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करते थे। गांव के मैदान में नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम ने उन्हें लगातार बेहतर खिलाड़ी बनने में मदद की।

 

आशीष की मेहनत का परिणाम वर्ष 2023 में देखने को मिला, जब उनका चयन झारखंड राज्य के गिरिडीह जिले में मौंगिया कंपनी की वॉलीबॉल टीम में हुआ। वहां बेहतर प्रदर्शन के बाद कुछ ही वर्षों में उनका चयन पश्चिम बंगाल की टीम में हो गया। अब राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप में खेलने का अवसर मिलना उनके खेल जीवन की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

See also  मंदार महोत्सव के मंच पर देशभर के कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू

 

मौके पर मौजूद आशीष के मित्र आदर्श कुमार सहित अन्य साथियों ने बताया कि सभी मित्र मिलकर महादेवपुर स्टेडियम में नियमित रूप से अभ्यास करते थे। उन्होंने कहा कि आशीष शुरू से ही तेजतर्रार, अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिलने पर सभी मित्रों ने उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं और जीत की बधाई दी है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि आशीष की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर भी कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है। अब पूरे गांव को उम्मीद है कि आशीष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम और ऊंचा करेंगे।

 

रिपोर्ट -चन्दन कुमार