बांका जिले के सहायक थाना नवादा बाजार की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद कर दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के उपरामा गांव निवासी परमानंद साह के पुत्र विनोद कुमार साह तथा रजौन निवासी चिंतामन यादव के पुत्र सुमन कुमार के रूप में की गई है।
बुधवार को सहायक थाना नवादा बाजार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) इंद्रजीत बैठा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर बौसी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया। टीम में थानाध्यक्ष सुजीत कुमार, एसआई शंकर कुमार शर्मा, कमलेश यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप भागलपुर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने धोरैया-जगदीशपुर मुख्य सड़क मार्ग पर नवादा थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया।इस दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक वाहन को तेज गति से लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।जब पिकअप वाहन पर लगी तिरपाल हटाकर तलाशी ली गई तो उसमें से कुल 981.36 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद मौके पर ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।




