file 2025 12 31T16 54 57 अमरपुर रेफलर अस्पताल अमरपुर का बीडीओ ने किया निरीक्षण, गंदगी व कुव्यवस्था पर जताई नाराजगी

अमरपुर रेफलर अस्पताल अमरपुर का बीडीओ ने किया निरीक्षण, गंदगी व कुव्यवस्था पर जताई नाराजगी

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका के अमरपुर  रेफरल अस्पताल का बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रतीक राज ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति को परखा। बीडीओ ने अस्पताल के आउटडोर (ओपीडी), डॉक्टर कक्ष, गर्भवती महिलाओं के वार्ड, प्रसूति वार्ड सहित अन्य विभागों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ प्रतीक राज ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर अस्पताल द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों से दवा उपलब्धता, चिकित्सकीय परामर्श, साफ-सफाई और स्टाफ के व्यवहार को लेकर सवाल पूछे। कुछ मरीजों ने संतोष जताया, जबकि कई ने साफ-सफाई एवं व्यवस्था में कमी की शिकायत की।

प्रसूति वार्ड में फैली गंदगी, अव्यवस्था और लापरवाही को देखकर बीडीओ ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि प्रसूता महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वार्ड की नियमित सफाई, बेडशीट की समय पर अदला-बदली और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही बीडीओ ने अस्पताल में पदस्थापित डॉक्टरों, एएनएम और नर्सों की ड्यूटी रोस्टर की जानकारी मांगी। जब स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मोबाइल फोन पर रोस्टर दिखाने का प्रयास किया गया तो बीडीओ ने इसे गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य कर्मियों का ड्यूटी रोस्टर अस्पताल की दीवारों पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आम लोगों को यह स्पष्ट रूप से पता चल सके कि किस समय कौन-सा चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर है।

See also  धोरैया के चलना गांव में आधा दर्जन लोगों ने राजमिस्त्री को बेरहमी से पीटा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

कड़ाके की ठंड को देखते हुए बीडीओ प्रतीक राज ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों के साथ आए परिजनों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के अंत में बीडीओ ने अस्पताल प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में पुनः ऐसी अव्यवस्था और लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप का माहौल बना रहा।

 

रिपोर्ट -दीपक कुमार