bihar weather forecast news today बिहार के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी, 26 मार्च को कई जिलों में येलो अलर्ट

बिहार के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी, 26 मार्च को कई जिलों में येलो अलर्ट

Photo of author

By Banka Darshan News

बिहार में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। शनिवार और रविवार को राज्य के कई जिलों में हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं सोमवार की सुबह से मौसम साफ हो गया और तेज धूप खिली रही, हालांकि हल्की ठंडी हवाओं के कारण लोगों को अब भी राहत महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। रविवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस शेखपुरा में दर्ज किया गया, जबकि फारबिसगंज में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्यभर में न्यूनतम तापमान 13.0 से 20.3 डिग्री के बीच रहा।

पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पटना और अरवल में तेज हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे रही। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि 26 मार्च से एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने 26 मार्च को बिहार के कई जिलों में आंधी, बारिश और ठनका गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद शामिल हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण तथा ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय जेट स्ट्रीम के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। इसके साथ ही 26 मार्च से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो सकता है, जिसका असर राज्य के मौसम पर पड़ेगा।

See also  सुलतानगंज-अगुवानी गंगा ब्रिज प्रोजेक्ट में आई तेजी, बाधाएं दूर होने से निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार

डेक्स रिपोर्ट -पटना