रिपोर्ट-चन्दन कुमार
बांका के कटोरिया। कटोरिया थाना क्षेत्र के हड़हार पंचायत अंतर्गत सठियारी गांव में सोमवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। लाठी-डंडे और रॉड से हुई मारपीट में दो महिलाओं समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने सभी घायलों को कटोरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार एवं सीएचओ गणपत लाल ने प्राथमिक उपचार किया।
घायलों में एक पक्ष से सिल्धर यादव, उनकी पत्नी वीणा देवी और पुत्र सुधीर कुमार शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से अर्जुन यादव, उसका पुत्र दिनेश यादव तथा राधे यादव की पुत्री नूतन देवी घायल बताई गई हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाया है।
जख्मी सिल्धर यादव ने बताया कि वह अपने हिस्से की जमीन पर झोपड़ी बनाकर घर बनाने की तैयारी कर रहा था, तभी विपक्षी लोग लाठी, डंडा और रॉड लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसकी पत्नी और पुत्र को भी बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया गया। वहीं, दूसरे पक्ष के अर्जुन यादव का कहना है कि सिल्धर यादव जबरन जमीन पर कब्जा करने की नीयत से निर्माण कार्य कर रहा था। जब इसका विरोध किया गया, तो उसी ने अपने परिवार के साथ मिलकर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कटोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों द्वारा थाने में आवेदन देकर एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है और जमीन विवाद के वास्तविक कारणों की तहकीकात की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।




