बांका जिला के शंभुगंज थाना क्षेत्र के मालडीह बहियार में बुधवार की दोपहर धान के खेत से लगभग 45 वर्षीय एक अज्ञात बुजुर्ग पुरुष का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जैसे ही खेत में शव होने की खबर फैली, स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। शव की पहचान नहीं हो सकी है, जिसके कारण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, मालडीह बहियार में मोनू कुशवाहा के धान के खेत में मजदूर धान की कटाई के लिए पहुंचे थे। जैसे ही मजदूर खेत में घुसे, उन्हें तेज बदबू महसूस हुई। पहले उन्होंने सोचा कि कहीं आसपास कोई मरा हुआ जानवर पड़ा होगा, लेकिन जब बदबू असहनीय हो गई तो उन्होंने चारों ओर पड़ताल की। जांच करने पर मजदूरों ने देखा कि खेत में एक पुरुष का सड़ा-गला शव पड़ा हुआ है। यह दृश्य देखते ही मजदूर सहम गए और आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते घटना जंगल में लगी आग की तरह फैल गई और लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों ने तत्काल शंभुगंज थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बबलू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने भागलपुर से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक जांच की और सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया।
शंभुगंज थाना के सह थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि मृतक की हत्या कर शव को धान के खेत में तीन से चार दिन पहले फेंक दिया गया होगा। हालांकि शरीर पर किसी भी तरह के गहरे चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे हत्या के तरीके को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है और पुलिस इसकी पहचान कराने के लिए आसपास के थानों को भी सूचना भेज रही है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और हाल के दिनों में क्षेत्र में किसी के लापता होने की रिपोर्ट की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण और हत्या की पुष्टि हो सकेगी।
इस घटना से क्षेत्र में भय और असुरक्षा की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
रिपोर्ट- निवास कुमार सिंह




