बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा तेलीयाकुमरी पंचायत के सुराही और वीरना गांव के बीच हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क किनारे स्थित करीब 10 फीट गहरी नहर में जा गिरे। बाइक भी उनके साथ पानी में गिर गई। नहर की गहराई अधिक होने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सुरा गांव निवासी विलास यादव उर्फ बुंदेली यादव (पिता–सुशील यादव) और बदला गांव निवासी त्रिवेणी यादव (पिता–टहलू यादव) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों आपस में साला-बहनोई थे और परिवार में बेहद घनिष्ठ संबंध था।
जानकारी के मुताबिक, दोनों बुधवार की शाम अम्माटाड गांव में एक रिश्तेदार के यहां निमंत्रण में गए थे। गुरुवार सुबह वे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुराही-वीरना मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में जुट गए। नहर किनारे लोगों की भीड़ लग गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया। सहायक थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अज्ञात वाहन की टक्कर का प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद दोनों मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।




