पी बी एस कॉलेज बांका में विभिन्न मांगों को लेकर छात्र राजद के बैनर तले मंगलवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। धरना का नेतृत्व छात्र राजद के अध्यक्ष नितिन कुमार ने किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
छात्र नेताओं ने कहा कि कॉलेज में छात्रों के हितों की अनदेखी की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रधानाचार्य को लिखित आवेदन सौंपते हुए मांग की कि एससी/एसटी वर्ग के सभी छात्र-छात्राओं एवं सभी छात्राओं का नामांकन शुल्क वापस किया जाए। साथ ही आरोप लगाया कि एक अतिथि शिक्षक कॉलेज परिसर में तथाकथित छात्र संगठन के साथ मिलकर राजनीति कर रहे हैं, जिसे तत्काल बंद कराया जाए।
इसके अलावा छात्र राजद ने सभी नियुक्त कर्मियों का थाना से आचरण प्रमाण पत्र मंगाने, नियमित शिक्षकों के स्थानांतरण या प्रतिनियुक्ति को रद्द कर उन्हें पुनः महाविद्यालय में पदस्थापित करने तथा प्राक्-प्रशिक्षण केंद्र में मनमानी बहाली पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि केंद्र का संचालन पारदर्शी और नियमानुसार किया जाए।
धरना में दर्जनों छात्र-छात्राएं शामिल रहे। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रिपोर्ट -अनूप कुमार




