IMG 20251127 234140 कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को बताया झूठ, कहा—तकनीकी गड़बड़ी का राजनीतिक दुरुपयोग

कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को बताया झूठ, कहा—तकनीकी गड़बड़ी का राजनीतिक दुरुपयोग

Photo of author

By Banka Darshan News

 

नई दिल्ली। कांग्रेस ने भाजपा द्वारा लगाए गए उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पार्टी के इंटरनेट मीडिया संचालन को विदेशों से नियंत्रित करवा रहे हैं और इससे देश की छवि खराब हो रही है। पार्टी की इंटरनेट मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर भाजपा के आरोपों को “सरासर झूठ और नासमझी” करार दिया।

 

सुप्रिया श्रीनेत ने बताया कि एक्स प्लेटफॉर्म (पूर्व ट्विटर) पर हाल ही में एक तकनीकी गड़बड़ी आई थी, जिसके कारण कई अकाउंट्स की लोकेशन गलत तरीके से देश से बाहर दिखाई देने लगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस त्रुटि को बिना समझे राजनीतिक मुद्दा बना लिया। “एक्स के प्रोडक्ट हेड और प्लेटफॉर्म खुद साफ कर चुके हैं कि यह तकनीकी समस्या है और इसे ठीक किया जा रहा है,” उन्होंने कहा।

 

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के आरोपों का जवाब देते हुए सुप्रिया ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य असल मुद्दों से ध्यान भटकाना है। उन्होंने एक स्क्रीनशॉट भी दिखाया जिसमें गुजरात भाजपा का एक्स अकाउंट आयरलैंड से संचालित होते हुए दिखाई दे रहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसका मतलब है कि भाजपा का आधिकारिक अकाउंट भी विदेश से चलाया जा रहा है? इसी क्रम में उन्होंने अडाणी ग्रुप का अकाउंट जर्मनी से, स्टार्ट-अप इंडिया का अकाउंट आयरलैंड से और डीडी न्यूज का अकाउंट अमेरिका से संचालित होते हुए दिखाया और पूछा कि क्या ये सभी “राष्ट्र-विरोधी” हैं।

 

कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर हमला जारी रखते हुए कहा कि मुख्यधारा की मीडिया असल मुद्दों पर चर्चा नहीं कर रही है। उन्होंने पिछले 20 दिनों में विशेष सघन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कार्य-भार की वजह से 26 बीएलओ की हुई मौतों का मुद्दा उठाया और कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है, जिस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसी तरह चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश पर लगातार अस्वीकार्य दावे किये जाने पर भी मीडिया में पर्याप्त चर्चा नहीं हो रही है।

 

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भाजपा तकनीकी त्रुटि का राजनीतिक इस्तेमाल कर कांग्रेस और राहुल गांधी को बदनाम करने में जुटी है, जबकि देश के सामने वास्तविक और संवेदनशील मुद्दे मौजूद हैं। उन्होंने भाजपा से आग्रह किया कि वह झूठ और भ्रम फैलाने के बजाय लोगों के वास्तविक सरोकारों पर ध्यान दें।

रिपोर्ट –  सागर कुमार (दिल्ली )