Screenshot 20251221 214910 बांका में बिलिंग सॉफ्टवेयर के नाम पर करोड़ों की ठगी, बांका के व्यवसायियों से 25 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार

बांका में बिलिंग सॉफ्टवेयर के नाम पर करोड़ों की ठगी, बांका के व्यवसायियों से 25 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका टाउन थाना क्षेत्र में व्यवसायियों से बिलिंग सॉफ्टवेयर के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने बांका के व्यवसायियों से करीब 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की, जबकि देवघर और गोड्डा के व्यवसायियों को भी उसने अपना शिकार बनाया। तीनों जिलों को मिलाकर ठगी की कुल राशि लगभग तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।

 

इस मामले का मुख्य आरोपी विक्रम कुमार है, जो बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के दलिया गांव का निवासी है। झारखंड के गोड्डा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बांका के कई पीड़ित व्यवसायी गोड्डा पहुंच गए। इधर, बांका टाउन थाना में भी आरोपी के खिलाफ स्थानीय व्यवसायियों ने आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है।

 

बांका के व्यवसायी मयंक मिंकू, विनय कुमार समेत अन्य पीड़ितों ने बताया कि विक्रम कुमार पहले देवघर में लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था। बाद में वह बांका आया और यहां व्यवसायियों को बिलिंग सॉफ्टवेयर का झांसा देकर फंसाने लगा। उसने लाइफटाइम लाइसेंस, फ्री एसएमएस, फ्री व्हाट्सएप, फ्री वेबसाइट जैसी सुविधाओं का लालच दिया, लेकिन न तो सॉफ्टवेयर सही ढंग से चला और न ही कोई सुविधा उपलब्ध कराई गई।

 

पीड़ितों के अनुसार, जैसे ही दुकानदारों को धोखाधड़ी का अहसास हुआ, उन्होंने पैसे वापस मांगने शुरू किए। इस पर विक्रम ने उन्हें चेक दिया, लेकिन बैंक में चेक बाउंस हो गया। इसके बाद पीड़ितों ने थाने का रुख किया।

 

टाउन थाना में दिए गए आवेदन में व्यवसायी मयंक मिंकू ने बताया कि वर्ष 2018 में विक्रम ने एक बिलिंग सॉफ्टवेयर बेचा था और लाइफटाइम लाइसेंस के नाम पर 16 हजार रुपये लिए। पिछले करीब तीन वर्षों से सॉफ्टवेयर सही से काम नहीं कर रहा था। इसके बावजूद अपडेट और सुधार के नाम पर अलग-अलग समय पर लगभग 50 हजार रुपये और वसूले गए। जांच-पड़ताल में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कई अन्य व्यवसायियों से भी इसी तरह ठगी की है।

See also  शंभूगंज में पत्नी के रहते युवक ने रचाई दूसरी शादी, विरोध करने पर पहली पत्नी से मारपीट कर घर से निकाला

 

मयंक मिंकू ने बताया कि शिवम टेलीकॉम से 1 लाख 20 हजार रुपये, बिनय वीडियो से 38 हजार का मोबाइल, साइट-सॉफ्टवेयर के लिए 30 हजार रुपये, भगत ऑप्टिकल्स से 1 लाख रुपये, बौंसी के काजल स्टूडियो से 5 लाख रुपये सहित कई अन्य दुकानदारों से भी रकम और सामान हड़पे गए।

 

बताया जा रहा है कि विक्रम पिछले दो वर्षों से बांका के व्यवसायियों के साथ लगातार धोखाधड़ी कर रहा था। उसने सालाना पैकेज और सॉफ्टवेयर रिन्यूअल के नाम पर हर महीने दुकानदारों से पैसे वसूले।

 

मामले को लेकर बांका के पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा और इसके बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, टाउन थाना प्रभारी जीबू कुमार ने कहा कि आवेदन प्राप्त हुआ है, जांच कर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट -चन्दन कुमार