कटोरिया में दलित महिला से मारपीट व दुर्व्यवहार का आरोप, एससी-एसटी थाना पुलिस ने की जांचकटोरिया। कटोरिया बाजार के देवघर रोड स्थित डोमासी मुहल्ला निवासी एक दलित महिला ने एक युवक पर मारपीट, गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में अनुसूचित जाति–जनजाति थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एससी-एसटी थाना बांका की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अनुसूचित जाति–जनजाति थाना के थानाध्यक्ष दिलीप राम एवं अवर निरीक्षक त्रिभुवन शर्मा रविवार को कटोरिया पहुंचे और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की। इस दौरान पुलिस ने पीड़िता महिला के अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की और स्थिति की जानकारी ली।
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि 27 जनवरी 2026 को वह अपनी खतियानी जमीन देखने गई थी। उक्त जमीन के समीप एनएच-333ए का निर्माण कार्य चल रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे जेसीबी मशीन से आसपास की जमीन की अवैध रूप से मिट्टी काटकर गड्ढा बना दिया गया, जिससे खेत का स्वरूप बिगड़ गया। महिला द्वारा मिट्टी की खुदाई का विरोध किए जाने पर जेसीबी चालक की सूचना पर डोमनागढ़ा निवासी अजीत सिंह वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट एवं दुर्व्यवहार किया।
पीड़िता का आरोप है कि इस घटना से वह मानसिक रूप से भी आहत हुई है और उसे डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। उसने प्रशासन से दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इधर अनुसूचित जाति–जनजाति थाना के थानाध्यक्ष दिलीप राम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर, डोमनागढ़ा निवासी अजीत सिंह ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है और वे उक्त महिला को पहचानते तक नहीं हैं। पुलिस दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।




