बांका जिला के धोरैया विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनीष कुमार ने पथ निर्माण विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल से मुलाकात कर अपने क्षेत्र की जर्जर सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण को लेकर महत्वपूर्ण पहल की। इस दौरान उन्होंने कई प्रमुख सड़कों के निर्माण, पुनर्निर्माण एवं संशोधन से संबंधित प्रस्तावों को विभागीय स्वीकृति दिलाई।

विधायक ने मंत्री को दिए गए आवेदन में बताया कि भागलपुर–हंसडीहा पथ (NH-133E) से जुड़ी जगदीशपुर मोड़ से सन्हौला मोड़ तक की MDR सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो बिहार और झारखंड को जोड़ती है। वर्तमान में यह सड़क सिंगल लेन होने के कारण जर्जर स्थिति में है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं एवं जाम की समस्या बनी रहती है। इस पर मंत्री द्वारा सड़क के चौड़ीकरण (फोर लेन) एवं ROB के साथ निर्माण हेतु DPR/एस्टिमेट तैयार कराने की स्वीकृति प्रदान की गई।

इसके अलावा पुनसिया–धोरैया पथ की जर्जर स्थिति को देखते हुए इसके शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग भी की गई। विधायक ने बताया कि प्रस्तावित स्टेट हाईवे (इंगलिश मोड़–धोरैया) के निर्माण में समय लगने की संभावना है, ऐसे में वर्तमान सड़क ही आवागमन का मुख्य साधन है। मंत्री ने इस सड़क के ओवरलैप हिस्से को छोड़कर शीघ्र पुनर्निर्माण कराने को लेकर विभागीय सचिव को निर्देशितकिया।

एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे में विधायक ने प्रस्तावित स्टेट हाईवे के एलाइनमेंट में संशोधन का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान एलाइनमेंट गांव की आबादी के काफी निकट है, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। विधायक के सुझाव पर मंत्री ने लगभग 300 मीटर उत्तर दिशा में सड़क शिफ्ट करने के प्रस्ताव पर विचार करने एवं आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया साथ ही अभियंता प्रमुख को संबंधित कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।
विधायक मनीष कुमार की इस पहल से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। लोगों का मानना है कि इन सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण से आवागमन सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
रिपोर्ट -दीपक कुमार सिंह




