बांका। जिले में मैट्रिक और इंटर बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित होने से पहले ही साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। परीक्षार्थियों को फर्जी कॉल कर नंबर बढ़ाने का झांसा दिया जा रहा है और इसके बदले पैसे की मांग की जा रही है। इस तरह की घटना सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
बताया जाता है कि मोबाइल नंबर 8597916242 से एक दसवीं की छात्रा कृति कोमल को कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बोर्ड से जुड़ा बताते हुए कहा कि उसके एक विषय में कम अंक आए हैं। यदि वह अपने नंबर बढ़वाना चाहती है तो उसे निर्धारित राशि भेजनी होगी। इस कॉल के बाद छात्रा काफी डर गई। जब उसने यह बात अपने परिजनों को बताई, तो उन्होंने इसे साइबर ठगी करार दिया।
जानकारों के अनुसार, इस तरह के कॉल कई छात्रों को आ रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठगों के पास छात्रों के मोबाइल नंबर का डेटा पहुंच गया है, जिसके जरिए वे लगातार कॉल कर लोगों को झांसे में लेने की कोशिश कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बोर्ड परीक्षा के नंबर किसी भी तरह फोन कॉल या पैसे देकर नहीं बढ़ाए जा सकते।
प्रशासन और जानकारों ने छात्रों व अभिभावकों से अपील की है कि ऐसे फर्जी कॉल से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे न भेजें। यदि इस तरह का कॉल आए, तो तुरंत पुलिस या साइबर सेल को इसकी सूचना दें, ताकि ठगों पर कार्रवाई की जा सके।




