रिपोर्ट-निवास कुमार सिंह
बांका जिला के शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र में बिजली चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विद्युत विभाग सक्रिय हो गया है। वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल अमरपुर के सहायक अभियंता अरविंद कुमार ने विशेष टीम गठित कर पूरे क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य बढ़ती बिजली चोरी की घटनाओं पर रोक लगाना और उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाना था।
छापेमारी के दौरान टीम ने विभिन्न स्थानों पर बिजली चोरी करते हुए कुल पांच लोगों को रंगे हाथ पकड़ा। इन व्यक्तियों के खिलाफ न सिर्फ जुर्माना लगाया गया, बल्कि जेई राजीव कुमार द्वारा संबंधित थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिरनौधा गांव में सुमित कुमार (पिता शंकर मंडल), गिधोरा गांव के मनोज कुमार सिंह (पिता आनंदी सिंह) और दिवाकर सिंह (पिता स्व. राम अमोद सिंह) को बिना कनेक्शन के सीधे बिजली का उपयोग करते पाया गया।
इसी क्रम में सगुनी गांव में हुई छापेमारी के दौरान विमल कुमार मिश्र (पिता नरेश मोहन मिश्र) और भिट्टी गांव की चमेली देवी (पति शेखर मंडल) को बायपास कर अवैध रूप से बिजली चोरी करते पकड़ा गया। टीम ने मौके पर ही सभी अवैध कनेक्शनों को तुरंत काट दिया तथा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की।
पुनि सह थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी एक दंडनीय अपराध है, जिससे विभाग को भारी आर्थिक नुकसान होता है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे वैध कनेक्शन का ही उपयोग करें और बिजली चोरी जैसी गतिविधियों से दूर रहें।
इस अभियान के बाद क्षेत्र में विद्युत विभाग की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है, साथ ही लोगों में बिजली चोरी को लेकर भय और जागरूकता भी बढ़ी है।




