IMG 20251128 231137 पूंसिया बसुआरा पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में पाँच लोग घायल

पूंसिया बसुआरा पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में पाँच लोग घायल

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुनसिया–इंग्लिशमोड़ सड़क मार्ग पर स्थित बसुआरा पेट्रोल पंप के पास सोमवार शाम हुए एक सड़क हादसे में पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार उपरामा गांव निवासी दीपक तांती का 20 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार अपने मित्र राजा कुमार के साथ बाइक से पुनसिया बस्ती स्थित नानी घर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक साइकिल से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुलशन, राजा और साइकिल सवार व्यक्ति सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए।

 

इसी समय सामने से आ रही एक अन्य बाइक पर भागलपुर सुर्खीकल निवासी विष्णुदेव यादव अपनी पत्नी निर्मला देवी के साथ भद्रनगर भटकुंडी जा रहे थे। हादसे में पड़े घायलों को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक भी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दोनों पति–पत्नी घायल हो गए। घटना के बाद साइकिल सवार व्यक्ति अपनी साइकिल के साथ ही घायल अवस्था में मौके से फरार हो गया।

 

हादसे के मौके पर स्थानीय लोग तो जुटे, लेकिन कोई भी तत्काल मदद के लिए आगे नहीं आया। इसी दौरान युवा नेता नयन सिंह नटवर वहां से गुजर रहे थे। भीड़ और घायल लोगों को देखकर उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और सभी घायलों को उठाकर अपने वाहन से रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। यहाँ डॉक्टरों ने चार घायलों का इलाज किया। गुलशन कुमार के पैर की हड्डी टूटने और गंभीर चोट लगने तथा निर्मला देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।

See also  बौंसी मेला में बिछड़े सैकड़ों बच्चों को प्रशासन ने परिजनों से सकुशल मिलाया

 

घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर चेतावनी संकेत और साइन बोर्ड नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क सुरक्षा उपायों की मांग की है।

 

रिपोर्ट -गौरव कुमार