सूबे के पूर्व मंत्री सह बांका विधायक रामनारायण मंडल ने सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हसिया–बेहरा पंचायत का दौरा किया। इस दौरान वे हसिया गांव में अवस्थित प्लस टू उत्क्रमित विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय प्रबंध समिति के साथ बैठक कर शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विद्यालय के विकास कार्यों, शैक्षणिक माहौल एवं छात्र-छात्राओं को मिल रही सुविधाओं पर चर्चा की गई तथा आवश्यक सुझाव भी दिए गए।
पूर्व मंत्री ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर कक्षाओं, भवन, पेयजल, शौचालय सहित अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय प्रभारी एवं शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति पूरी गंभीरता से कार्य करें, ताकि छात्र-छात्राएं यहां से अच्छी शिक्षा ग्रहण कर अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन कर सकें।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री ने कक्षा में जाकर बच्चों से संवाद भी किया। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे मजबूत आधार है और इससे ही बेहतर भविष्य का निर्माण संभव है। बच्चों को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए।
उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया कि जो भी आवश्यक कार्य लंबित हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण कराया जाए, जिससे विद्यालय की व्यवस्था और सुदृढ़ हो सके। इसके साथ ही उन्होंने प्रबंध समिति के सदस्यों से समन्वय बनाकर विद्यालय विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
विद्यालय भ्रमण के उपरांत पूर्व मंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों से भी भेंटवार्ता की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से पटवन के लिए बिजली आपूर्ति की समस्या से उन्हें अवगत कराया। इस पर पूर्व मंत्री ने शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार एवं बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हर खेत तक बिजली पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष पंकज घोष, पंचायत के मुखिया ऋषिकांत साह, उज्ज्वल सिन्हा, विकास मंडल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




