बांका जिले के अमरपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बल्लीकित्ता गांव में नवनिर्मित मंदिर में श्रीश्री 108 नर्मदेश्वर शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ को लेकर गुरुवार की सुबह भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। शोभायात्रा में बल्लीकित्ता, रामचंद्रपुर (इटहरी), चोरवैय, बैदाडीह सहित अन्य गांवों से कुल 1151 महिलाएं एवं कन्याओं ने श्रद्धा और उल्लास के साथ भाग लिया।
कलश शोभायात्रा मंदिर परिसर से आरंभ हुई, जो शोभानपुर, इंगलिश मोड़, कठैल, मादाचक होते हुए क्षेत्र के सुप्रसिद्ध बाबा ज्यैष्ठगौरनाथ महादेव मंदिर के समीप स्थित चांदन नदी के तट पर पहुंची। वहां विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में पवित्र जल भराई का अनुष्ठान विधिवत संपन्न कराया गया। अनुष्ठान के उपरांत महिलाएं और युवतियां अपने सिर पर कलश रखकर भक्ति भाव के साथ पुनः उसी मार्ग से चलते हुए बल्लीकित्ता गांव स्थित नवनिर्मित मंदिर परिसर लौटीं।
शोभायात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंज उठा। वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु शिव भक्ति में लीन नजर आए। शोभायात्रा में छोटे-छोटे कलाकारों ने विभिन्न देवी-देवताओं का वेश धारण कर रथ पर सवारी की, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। ग्रामीणों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
मौके पर यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि शुक्रवार को विधिवत श्रीश्री 108 नर्मदेश्वर शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके साथ ही गुरुधाम विद्यापीठ के पांच विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में अखंड संकीर्तन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
शोभायात्रा में यजमान के रूप में ओमप्रकाश कापरी, मंगल मंडल एवं सिकंदर मंडल अपनी-अपनी पत्नी के साथ उपस्थित थे। इस आयोजन को सफल बनाने में पंसस आशा देवी, सरपंच दिलीप ठाकुर, भैरव कापरी, अमर कुमार अमर, पिंटू मांझी, गोपाल कृष्ण बगवैय, राहुल कापरी, अविनाश कुमार, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
रिपोर्ट – दीपक कुमार




