file 2026 01 30T13 11 13 अमरपुर में पैक्स अध्यक्ष के साथ मारपीट दोनों पछ से महिला समेत पांच लोग जख्मी, रेफर

अमरपुर में पैक्स अध्यक्ष के साथ मारपीट दोनों पछ से महिला समेत पांच लोग जख्मी, रेफर

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र के भिखनपुर गांव में कूड़ा फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट में तब्दील हो गया। इस घटना में एक महिला समेत कुल पांच लोग जख्मी हो गए। दोनों पक्षों के घायलों का प्राथमिक उपचार अमरपुर रेफरल अस्पताल में डॉ. अमित कुमार शर्मा द्वारा किया गया। गंभीर रूप से जख्मी दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रथम पक्ष के जख्मी श्रीनारायण शर्मा सलिल और उनके पुत्र प्रियवर्त शर्मा हैं। चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा। वहीं दूसरे पक्ष से राजीव शर्मा, उनकी पत्नी सोनी देवी और गोपाल शर्मा घायल हुए हैं, जिनका इलाज रेफरल अस्पताल में किया गया।

घायल श्रीनारायण शर्मा सलिल ने बताया कि वह शुक्रवार की सुबह रोज की तरह अपने घर के बाहर बनी पीसीसी सड़क पर झाड़ू लगाकर साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी राजीव शर्मा, उनकी पत्नी सोनी देवी और अन्य परिजन वहां पहुंचे और सड़क पर कूड़ा फैलाने लगे। उन्होंने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि पड़ोसियों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर जब उनका पुत्र प्रियवर्त शर्मा बीच-बचाव करने आया तो उसे भी पीटकर घायल कर दिया गया।

वहीं दूसरे पक्ष के घायल राजीव शर्मा ने बताया कि आए दिन श्रीनारायण शर्मा सड़क पर झाड़ू लगाकर कूड़ा उनके दरवाजे के सामने फेंक देते थे। उन्होंने कई बार ऐसा करने से मना किया, लेकिन विपक्षी अपनी आदतों से बाज नहीं आया। शुक्रवार की सुबह भी सड़क की सफाई के दौरान सारा कूड़ा उनके दरवाजे के समीप फेंक दिया गया, जिसका उन्होंने विरोध किया। आरोप है कि इसी बात पर श्रीनारायण शर्मा और उनके पुत्र ने अपने अन्य परिजनों के साथ मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। शोर सुनकर जब उनकी पत्नी और भाई बीच-बचाव करने आए तो उन्हें भी पीटकर जख्मी कर दिया गया।

See also  बिहार में खुलेंगे पांच Gen-Z डाकघर, युवाओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं और विशेष बचत योजनाएं

घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। हालांकि सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। मामले को लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ थाना में लिखित आवेदन देने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। पुलिस ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट -दीपक कुमार