file 00000000b54472078f7cfdbdb5e4a5e7 बांका में छात्राओं से अभद्र व्यवहार व मोबाइल छीनने का प्रयास, एक युवक गिरफ्तार, दूसरा फरार

बांका में छात्राओं से अभद्र व्यवहार व मोबाइल छीनने का प्रयास, एक युवक गिरफ्तार, दूसरा फरार

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका शहर के एसएस बालिका उच्च विद्यालय मोड़ के समीप गुरुवार की शाम छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और मोबाइल छीनने की एक गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में दो मनचले युवकों ने कोचिंग पढ़ने आई छात्राओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक युवक को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा युवक फरार होने में सफल रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के वार्ड नंबर 6 सैजपुर गांव की कुछ छात्राएं प्रतिदिन की तरह गुरुवार की शाम नयाटोला मोड़ के समीप स्थित कोचिंग संस्थान में पढ़ने के लिए आई थीं। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और दो छात्राओं को रोककर उनसे मोबाइल छीनने लगे। जब छात्राओं ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। खुद को असहज महसूस करते हुए छात्राओं ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना छात्राओं ने अपने परिजनों को दी, जिसके बाद छात्रा के पिता सहित बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने पकड़े गए युवक की पहले जमकर पिटाई की और फिर मामले की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लेकर सदर थाना ले गए। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने अपना नाम रुपेश यादव उर्फ बेलचा, निवासी करहरिया मोहल्ला बताया। वहीं, फरार युवक की पहचान उसी मोहल्ले के मिथिलेश कुमार पंडित के रूप में की गई है।

See also  मंदार महोत्सव के मंच पर देशभर के कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू

इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक के विरुद्ध पूर्व में भी बांका थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। छात्रा के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार युवक की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है और स्थानीय लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

रिपोर्ट -दीपक कुमार