बांका। बिहार सरकार की माननीय मंत्री, खेल विभाग, श्रेयशी सिंह ने ओढ़नी डैम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला भी उनके साथ उपस्थित रहे। मंत्री के आगमन पर संबंधित अधिकारियों द्वारा डैम परिसर की व्यवस्थाओं एवं संभावनाओं की जानकारी दी गई।
निरीक्षण के क्रम में माननीय मंत्री ने ओढ़नी डैम में संचालित बोटिंग व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने डैम की प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह स्थल खेल, पर्यटन और युवा सशक्तिकरण के लिहाज से अत्यंत संभावनाशील है। उन्होंने कहा कि ओढ़नी डैम को यदि योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए तो यह न केवल जिले की पहचान बनेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।
मंत्री श्रेयशी सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस पहल करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को खिलाड़ियों के लिए छात्रावास निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में यहां प्रशिक्षण के लिए आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने ओढ़नी डैम क्षेत्र में एक्सीलेंस सेंटर की स्थापना की संभावनाओं का भी अवलोकन किया और इसके लिए विस्तृत प्रस्ताव (प्रोपोज़ल) तैयार कर विभाग को भेजने का निर्देश दिया।
माननीय मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से बांका जिला राज्य एवं राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकेगा। साथ ही वाटर स्पोर्ट्स के विकास से जिले में अधोसंरचना का विस्तार होगा, पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होगी और सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, बांका, जिला खेल पदाधिकारी, बांका, खेल विभाग के उपनिदेशक श्री संजय कुमार, पूर्व सांसद पुतुल कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने ओढ़नी डैम के समग्र विकास को लेकर सकारात्मक सुझाव दिए और इसे जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




