बांका में आगामी 2 से 13 फरवरी तक जिले में आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट परीक्षा को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसको लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, गश्ती दंडाधिकारियों, जोनल व सुपर जोनल दंडाधिकारी सह उड़नदस्ता तथा प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा संचालन को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए।
डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। सभी पदाधिकारी सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। किसी भी परिस्थिति में अनधिकृत व्यक्ति को परीक्षा केंद्र या परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर 2 से 13 फरवरी तक इंटरमीडिएट परीक्षा आयोजित होगी, जो दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक होगी।
परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुपर जोनल एवं जोनल दंडाधिकारी अपने-अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक परीक्षा दिवस के दोनों पालियों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे तथा अधीनस्थ पदाधिकारियों की उपस्थिति और सक्रियता की जांच करेंगे।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सभी परीक्षार्थियों को जूता एवं मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थी केवल चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर सघन तलाशी की व्यवस्था की जाएगी तथा प्रवेश पत्र की जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया जाएगा। महिला परीक्षार्थियों के लिए महिला बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है।
परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, पेजर, मैग्नेटिक वॉच, इलेक्ट्रॉनिक वॉच, स्मार्ट वॉच आदि ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर एवं आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही फ्लेक्स बोर्ड और पोस्टर के माध्यम से “आप सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हैं” का संदेश प्रदर्शित किया जाएगा।
परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण हेतु अनुमंडल कार्यालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष संख्या 06424-222225 जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से नियमों का पालन करने की अपील की है।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




