IMG 20251030 WA1351 नालंदा में जेपी नड्डा का विपक्ष पर तीखा हमला — कहा, “शहाबुद्दीन के नए संस्करण ओसामा को राजद ने दिया टिकट”

नालंदा में जेपी नड्डा का विपक्ष पर तीखा हमला — कहा, “शहाबुद्दीन के नए संस्करण ओसामा को राजद ने दिया टिकट”

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोट-पटना डेक्स

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को नालंदा जिले के नगरनौसा पहुंचे, जहां उन्होंने हरनौत विधानसभा क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी हरिनारायण सिंह के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सभा की शुरुआत बड़गांव स्थित भगवान सूर्य के प्राचीन मंदिर को नमन करते हुए की और विपक्ष, विशेषकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर जमकर निशाना साधा।

 

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से बिहार ने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा, “20 साल पहले बिहार जंगलराज और अंधकार में डूबा हुआ था, लेकिन आज हर गांव में 23 से 24 घंटे बिजली मिल रही है, सड़कें बनी हैं और हर घर नल का जल पहुंच चुका है।” उन्होंने 6 नवंबर को होने वाले मतदान को “बिहार के विकास की गति को बनाए रखने वाला चुनाव” बताया और नालंदा की सभी सात सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

 

नड्डा ने बिहार में केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि रेलवे का बजट 9 गुना बढ़ाया गया है, बिहार से होकर 20 वंदे भारत और 26 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें गुजर रही हैं। पटना का जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हो चुका है, जबकि बिहटा में 1400 करोड़ की लागत से नया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अगले दो वर्षों में तैयार होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में पांच नए एयरपोर्ट बनाने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है।

 

आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक 62 करोड़ लोगों को सालाना पांच लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान बने मखाना, लीची और सिल्क के उत्थान के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। “मखाना बोर्ड के लिए 100 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं ताकि मखाना अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बना सके,” नड्डा ने कहा।

See also  बांका के कटोरिया फोरेस्टर की छात्रा अपहरण कांड में गिरफ्तारी बना चर्चा का विषय

 

विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस परिवारवाद की राजनीति कर रहे हैं। “लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, सोनिया जी अपने बेटे राहुल को प्रधानमंत्री। जनता की चिंता इनको नहीं, सिर्फ परिवार की चिंता है,” उन्होंने कहा। नड्डा ने राजद के शासनकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए कहा कि उस दौर में अपहरण और फिरौती उद्योग बन गया था।

 

उन्होंने तीखा आरोप लगाते हुए कहा, “राजद ने शहाबुद्दीन के नए संस्करण ओसामा को टिकट दिया है। यह पार्टी ‘राष्ट्रीय जनता दल’ नहीं, बल्कि ‘रंगदारी, जंगलराज और दादागिरी’ की पार्टी है।” अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि हरिनारायण सिंह को लगातार 10वीं बार जीताकर ‘जंगलराज फैलाने वालों’ को घर बैठा दें और बिहार के विकास के लिए एनडीए सरकार को मजबूत करें।