file 2026 01 08T15 19 33 बौंसी मेला में किचन गार्डन बनेगा आकर्षण का केंद्र, घर बैठे सब्जी उत्पादन की मिलेगी जानकारी

बौंसी मेला में किचन गार्डन बनेगा आकर्षण का केंद्र, घर बैठे सब्जी उत्पादन की मिलेगी जानकारी

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका के बौसी में आगामी बौंसी मेला को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में मेला परिसर में लगने वाली कृषि प्रदर्शनी में इस बार विशेष रूप से किचन गार्डन तैयार किया जा रहा है, जो किसानों के साथ-साथ आम दर्शकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। इस किचन गार्डन के माध्यम से लोगों को कम जगह में घर पर ही सब्जी उत्पादन की आधुनिक एवं पारंपरिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

उद्यान पदाधिकारी दिवाकर कुमार के मार्गदर्शन और कृषि विभाग की देखरेख में तैयार हो रहे इस किचन गार्डन में विभिन्न प्रकार की मौसमी सब्जियां, हरी पत्तेदार फसलें, औषधीय पौधे एवं अन्य उपयोगी फसलें लगाई जा रही हैं। यहां सब्जियों के साथ-साथ जैविक खेती की पद्धतियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे लोग रासायनिक खेती के विकल्प के रूप में प्राकृतिक एवं सुरक्षित खेती की ओर प्रेरित हो सकें।

कृषि प्रदर्शनी स्थित किचन गार्डन में माली पप्पू मंडल द्वारा विशेष रूप से स्ट्रॉबेरी, शिमला मिर्च, गेंदा, गुलदाउदी, पिटूनिया, कैलेंडुला, डहेलिया सहित कई प्रकार के फूलों और पौधों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। ये पौधे न केवल सौंदर्य बढ़ाएंगे, बल्कि लोगों को बागवानी के प्रति भी प्रोत्साहित करेंगे।

किचन गार्डन में आधुनिक सिंचाई तकनीकों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें स्प्रिंकल सिंचाई, ड्रिप सिंचाई, जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट तथा प्राकृतिक कीट नियंत्रण जैसी तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इससे किसानों और आम लोगों को यह समझने में आसानी होगी कि सीमित संसाधनों में भी बेहतर उत्पादन कैसे किया जा सकता है।

उद्यान पदाधिकारी दिवाकर कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और बाजार में मिलने वाली रासायनिक सब्जियों पर निर्भरता को कम करना है। किचन गार्डन से न केवल ताजी, सुरक्षित और पौष्टिक सब्जियां प्राप्त होती हैं, बल्कि इससे घरेलू खर्च में भी उल्लेखनीय कमी आती है।

See also  धोरैया में स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सिविल सर्जन सख्त

मेले में आने वाले किसानों, महिलाओं और युवाओं को कृषि विशेषज्ञों द्वारा किचन गार्डन से संबंधित मुफ्त परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही सब्जी बीज, पौधे एवं जैविक खाद की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। कृषि प्रदर्शनी में तैयार हो रहा यह किचन गार्डन मेले में आने वाले लोगों के लिए सीख, प्रेरणा और नवाचार का स्रोत बनेगा तथा क्षेत्र में सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

न्यूज़- दीपक कुमार