बांका में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजवारा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार को पंजवारा स्थित उत्पाद विभाग के चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक ऑटो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। इस दौरान ऑटो चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पंजवारा थाना अध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि नियमित गश्ती और वाहन जांच के क्रम में पुलिस टीम चेक पोस्ट पर मौजूद थी। इसी दौरान शक के आधार पर एक ऑटो को रोका गया। जब ऑटो की गहन तलाशी ली गई तो चालक की सीट के नीचे बने गुप्त बॉक्स से कुल 142 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 64.125 लीटर बताई गई है। शराब को बड़ी चालाकी से छिपाकर रखा गया था ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
पुलिस ने मौके से ऑटो चालक कन्हाई तांती को गिरफ्तार किया। उसकी उम्र करीब 51 वर्ष बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी के पिता का नाम सुमन तांती है और वह मोहनपुर गांव का निवासी है, जो सजौर थाना क्षेत्र अंतर्गत भागलपुर जिला में आता है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को शक है कि आरोपी लंबे समय से अवैध शराब तस्करी में संलिप्त रहा है। हालांकि पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच कर रही है।
इस संबंध में पंजवारा थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ऑटो और बरामद शराब को जब्त कर लिया है। थाना अध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर को शनिवार को न्यायिक हिरासत में बांका भेजा जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार, पीएसआई मिथिलेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, इस सफलता से क्षेत्र में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




