बांका जिला के शंभूगंज थाना क्षेत्र के कमरडीह गांव में पत्नी के रहते दूसरी शादी करने और विरोध करने पर पहली पत्नी के साथ मारपीट कर घर से निकालने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता पूनम कुमारी ने पति पर दूसरी शादी रचाने, गाली-गलौज करने और बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए शंभूगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार कमरडीह गांव निवासी अशोक दास की शादी वर्ष 2019 में भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मकसदपुर गांव निवासी पूनम कुमारी से सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के शुरुआती वर्षों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन सात वर्ष बीत जाने के बाद भी संतान नहीं होने को लेकर विवाद शुरू हो गया। पीड़िता का आरोप है कि इसी बात को लेकर पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे और तरह-तरह के ताने दिए जाने लगे।
पूनम कुमारी ने बताया कि बिना उसकी सहमति और जानकारी के पति अशोक दास ने दूसरी शादी कर ली और नई पत्नी को घर ले आया। जब वह अपने ही घर में सौतन को देखकर विरोध करने लगी तो पति और ससुराल पक्ष भड़क उठे। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और बेरहमी से मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। मारपीट के बाद वह किसी तरह अपने मायके पहुंची।
घटना के बाद मंगलवार को पीड़िता पूनम कुमारी अपने पिता के साथ शंभूगंज थाना पहुंची और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। उसने पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति द्वारा लगातार की जा रही प्रताड़ना के कारण उसका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शंभूगंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। थाना के एक पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर पीड़िता को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




