अमरपुर के ऐतिहासिक भदरिया पुरातात्विक स्थल के विकास को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बुधवार बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने स्थल का निरीक्षण किया और विकास की दिशा में पहल के संकेत दिए। यह निरीक्षण ऐसे समय हुआ है जब हाल ही में अमरपुर विधायक जयंत राज ने इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया था।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने भदरिया को जिले की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए कहा कि यहां पूर्व में पुरातात्विक जांच हो चुकी है। वर्तमान स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी, जिसके बाद आवश्यक अनुमति मिलने पर विकास कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।

गौरतलब है कि विधायक जयंत राज ने विधानसभा में खुलासा किया था कि पिछले कुछ वर्षों में इस स्थल पर मात्र 1.10 लाख रुपए खर्च हुए हैं। उन्होंने इसके संरक्षण और विकास के लिए विशेष फंड की मांग की थी। माना जा रहा है कि उनकी पहल के बाद ही प्रशासन सक्रिय हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्षों से इस स्थल पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहा है और पर्यटन की दृष्टि से कोई ठोस पहल नहीं हुई। हालांकि, कुछ वर्ष पूर्व नितीश कुमार भी यहां का निरीक्षण कर चुके हैं।

अब डीएम के निरीक्षण और विधायक की सक्रियता से लोगों में नई उम्मीद जगी है कि भदरिया स्थल का योजनाबद्ध विकास होगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
न्यूज़ -दीपक कुमार सिंह




