बांका जिला के आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरिया प्रखंड की चंदुआरी पंचायत के शोभासिनडीह गांव में देर शाम एक दुखद हादसे ने पूरे गांव को शोकाकुल कर दिया। गांव निवासी स्व. लालचंद यादव के 51 वर्षीय पुत्र राजेंद्र यादव की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया जाता है कि राजेंद्र यादव शाम के समय गांव में ही टहलते हुए मोबाइल फोन चला रहे थे। मोबाइल देखने में व्यस्त रहने के कारण वे चलने के दौरान अपना संतुलन खो बैठे और गहरे कुएं में जा गिरे। गिरते ही उनकी स्थिति गंभीर हो गई और उन्हें बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग और युवक मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर उन्हें कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे की जानकारी ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गुरुवार की सुबह आनंदपुर ओपी प्रभारी बिपिन कुमार पुलिस बल, जवानों तथा चौकीदारों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु बांका सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में मृतक की पत्नी काली देवी के फर्द बयान पर आनंदपुर ओपी में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है।
राजेंद्र यादव की अचानक हुई मृत्यु से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी काली देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां सरस्वती देवी भी लगातार बेहोशी की हालत में पहुंच रही हैं। वहीं, उनकी दोनों विवाहित पुत्रियाँ—सोनी देवी और रूपा देवी—पिता के निधन की खबर सुनकर गांव पहुंचीं और बिलख-बिलखकर रोने लगीं। परिजनों ने बताया कि राजेंद्र यादव शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और अक्सर शाम को गांव में ही घूमने निकल जाते थे। लेकिन मोबाइल देखते हुए चलने की आदत ने अंततः उनकी जान ले ली।
गांव के लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि आजकल मोबाइल का अत्यधिक उपयोग और लापरवाही कई बार जानलेवा भी हो जाता है। ग्रामीणों ने इस हादसे को सबक मानते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।राजेंद्र यादव की मौत से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। परिजन और ग्रामीण इस असामयिक दुख से उबर नहीं पा रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
रिपोर्ट -चन्दन कुमार




