Screenshot 20260227 205451 भोला टॉकीज ROB निरीक्षण के दौरान तकनीकी सवालों पर घिरीं सांसद शांभवी चौधरी

भोला टॉकीज ROB निरीक्षण के दौरान तकनीकी सवालों पर घिरीं सांसद शांभवी चौधरी

Photo of author

By Banka Darshan News

समस्तीपुर। भोला टॉकीजके पास निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज (ROB) का निरीक्षण करने पहुंचीं समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी मीडिया के सवालों के बाद चर्चा के केंद्र में आ गईं। सांसद ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर पिलरों, ढांचे और नक्शे का अवलोकन किया तथा निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता थी और अब जब काम शुरू हो चुका है, तो वे खुद गुणवत्ता पर नजर रख रही हैं।

सांसद ने दावा किया कि ROB बनने से शहर को लंबे समय से जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और एजेंसी को गुणवत्ता मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।

हालांकि, निरीक्षण के दौरान जब मीडिया ने पुल की कुल लंबाई और परियोजना की लागत के बारे में सवाल पूछा, तो सांसद ने स्पष्ट कहा कि यह तकनीकी विषय है और संबंधित अधिकारी ही इसकी सटीक जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनका दायित्व परियोजना को शुरू कराना था, जो पूरा हो चुका है।

सांसद के इस जवाब के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दलों और स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या क्षेत्र की इतनी महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित परियोजना की बुनियादी जानकारी जनप्रतिनिधि को नहीं होनी चाहिए। कई लोगों का मानना है कि जब किसी परियोजना का श्रेय लिया जाता है, तो उसकी लागत, लंबाई और समयसीमा जैसी जानकारियों की भी स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए।

See also  19 वर्षीय युवक की आत्महत्या से गांव में पसरा मातम, मां की हालत नाजुक

फिलहाल, ROB निर्माण कार्य जारी है और प्रशासन का दावा है कि तय मानकों के अनुरूप काम हो रहा है। अब देखना होगा कि गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर किए गए दावे कितने सफल साबित होते हैं और यह परियोजना कब तक पूरी होकर जनता को समर्पित की जाती है।