file 2026 03 14T16 58 16 बांका रेल लाइन के पास मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, इलाके में सनसनी

बांका रेल लाइन के पास मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, इलाके में सनसनी

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका बौंसी थाना क्षेत्र के खिजूर मुड़िया गांव निवासी स्व. रसिक लाल टुडू के 34 वर्षीय पुत्र सूरज लाल टुडू का क्षत-विक्षत शव शनिवार को हंसडीहा-गोड्डा रेल खंड के चोरबटिया के समीप रेल लाइन के पास से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरज लाल टुडू इन दिनों झारखंड के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरबा गांव में अपनी बहन मुनि टुडू के घर रह रहा था। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात वह खाना खाने से पहले अपने एक दोस्त के साथ घर से बाहर निकला था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी, लेकिन शनिवार सुबह उसके मौत की सूचना मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जिस हालत में शव मिला है, उससे यह मामला ट्रेन से कटकर हुई सामान्य दुर्घटना नहीं लगता। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार सूरज लाल टुडू का जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा है। कुछ वर्ष पहले बीमारी के कारण उसकी मां और बड़े भाई की मौत हो गई थी। शादी के बाद उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह अधिकतर अपनी बहन के घर ही रह रहा था, जबकि गांव स्थित उसका घर ज्यादातर बंद रहता था।

See also  बांका में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित, 5581 मामलों का हुआ निष्पादन

घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों ने बताया कि रविवार को गांव में ही उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं पुलिस युवक के दोस्त सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।