file 2026 04 09T15 08 11 scaled 1 अपराध नियंत्रण से समझौता नहीं, जेल से छूटे बदमाशों की गतिविधि पर रखें निगरानी -SP उपेंद्र नाथ वर्मा

अपराध नियंत्रण से समझौता नहीं, जेल से छूटे बदमाशों की गतिविधि पर रखें निगरानी -SP उपेंद्र नाथ वर्मा

Photo of author

By Banka Darshan News

पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सभा का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थानों के लंबित कांडों की गहन समीक्षा की गई और उनके त्वरित निष्पादन के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाना सभी थानाध्यक्षों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में अवैध गतिविधियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। एसपी ने अवैध बालू उत्खनन, अवैध शराब निर्माण और अन्य गैरकानूनी व्यवसायों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए “रोको-टोको” अभियान नियमित रूप से चलाने के निर्देश दिए।

एसपी ने वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज करने और जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने थाना क्षेत्रों में बैंक, सीएसपी और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरतने तथा नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि अपराध नियंत्रण से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

विधि-व्यवस्था के बेहतर संधारण के लिए एसपी ने बिंदुवार आवश्यक उपाय भी बताए और सभी अधिकारियों को पूरी तत्परता से पालन करने को कहा। पुलिस सभा के दौरान उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान कुछ छोटी-मोटी समस्याएं सामने आईं, जिनके समाधान का भरोसा दिया गया।

See also  बिजली चोरी मामले में तीन पर जुर्माना, बेलहर थाना में प्राथमिकी दर्ज

मौके पर डीएसपी मुख्यालय आदित्य कुमार, एसडीपीओ बांका अमर विश्वास, साइबर थाना डीएसपी अनुपेश नारायण, एसडीपीओ बौंसी इंद्रजीत बैठा, एसडीपीओ बेलहर रविंद्र मोहन, यातायात डीएसपी नीरज कुमार सहित जिले के सभी इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने कहा कि वर्तमान में लंबित कांड नियंत्रण में हैं और अगले एक माह में इसमें और सुधार लाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जो थानाध्यक्ष प्रदर्शन में पीछे रहेंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई तय है।