file 0000000069f471fa921a9c68a5d7a06b बांका में अवैध बालू खनन पर कार्रवाई के दौरान पुलिस पर पथराव, हवलदार घायल, 25 पर मामला दर्ज.

बांका में अवैध बालू खनन पर कार्रवाई के दौरान पुलिस पर पथराव, हवलदार घायल, 25 पर मामला दर्ज.

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका टाउन थाना क्षेत्र के लकड़ीकोला गांव में रविवार को अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर बालू माफियाओं ने पथराव कर दिया। इस घटना में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक हवलदार गंभीर रूप से घायल हो गया। उग्र भीड़ ने पुलिस के कब्जे से बालू लदा ट्रैक्टर भी छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गई। मामले में नामजद सहित 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से बालू का खनन कर ट्रैक्टरों के जरिए परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बालू चोरी कर भाग रहे कई ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस केवल एक नीले रंग की स्वराज ट्रैक्टर को पकड़ने में सफल रही। ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम अंकित कुमार यादव बताया, लेकिन बालू और ट्रैक्टर से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस द्वारा उसे हिरासत में लेने की प्रक्रिया शुरू की गई।

इसी बीच करीब दो दर्जन लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई और पुलिस टीम को घेर लिया। देखते ही देखते उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में 51 वर्षीय हवलदार नितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, एसआई संगीता कुमारी ने पास के एक घर में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना से पुलिस टीम में शामिल अन्य पुरुष व महिला सिपाही भी हतप्रभ रह गए।

See also  अमरपुर पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी की बोलेरो झारखंड से बरामद, दो युवक गिरफ्तार

उग्र भीड़ का फायदा उठाकर बालू माफियाओं ने पुलिस के कब्जे से बालू लदा ट्रैक्टर छुड़ा लिया और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई, लेकिन सभी आरोपी फरार पाए गए।

 

घायल हवलदार नितेश कुमार के आवेदन पर सादपुर निवासी अंकित कुमार यादव, श्रवण यादव और लकड़ीकोला निवासी अंगद महतो को नामजद करते हुए कुल 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त करने, वाहन छुड़ाने और जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

न्यूज़ -दीपक कुमार