बांका के बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के चंगेरी गांव में नवनिर्मित शिव-पार्वती मंदिर के भूमि पूजन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। शिव पार्वती मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव को लेकर पूरे गांव में उत्साह और भक्ति का माहौल है। गांव की पावन धरती पर बनने जा रहे इस मंदिर को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और युवा सभी आयोजन की तैयारी में जुटे हुए हैं। कोई भंडारे की व्यवस्था में लगा है तो कोई पूजन सामग्री एकत्र करने में व्यस्त है। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट और आगंतुक श्रद्धालुओं के स्वागत की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक आस्था का प्रतीक है।
15 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम के तहत आवाहित देवी-देवताओं का पूजन, अण्णाधिवात, महास्नान, नगर भ्रमण तथा संध्या समय भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ पूरे गांव का भ्रमण करेंगे।
शिव पार्वती मंदिर समिति के अध्यक्ष मुकेश मंडल, कोषाध्यक्ष रत्नेश कुमार मंडल, सचिव अनिल सिंह, पूर्व प्रमुख राजेश यादव, रघुनंदन मंडल, राजू मंडल, राजकुमार मंडल, दीपक कुमार यादव, नकुल मंडल, गिरीश मंडल और बिरजू मंडल सहित दर्जनों ग्रामीण दिन-रात आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। ग्रामीणों का एक ही उद्देश्य है कि मंदिर निर्माण का यह शुभारंभ भव्य और ऐतिहासिक बने, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस आस्था स्थल से जुड़ सकें।




