IMG 20250821 214126 सीतामढ़ी में दिनदहाड़े मुखिया के देवर की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

सीतामढ़ी में दिनदहाड़े मुखिया के देवर की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

Photo of author

By Banka Darshan News

बिहार के सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र के परोहा गांव में गुरुवार दोपहर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर मुखिया रानी देवी के देवर मदन कुमार सिंह की हत्या कर दी। घटना इतनी अचानक हुई कि गांव में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने करीब छह राउंड गोलियां दागीं, जिनमें से तीन गोलियां मदन कुमार सिंह को लगीं। गंभीर हालत में उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

 

हत्या की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। मृतक पंचायत में सक्रिय भूमिका निभाते थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते थे। उनकी अचानक हुई हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि मदन कुमार सिंह पंचायत की राजनीति में भी सक्रिय थे और अक्सर पंचायत के विवादों में मध्यस्थता करते थे। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस आपसी रंजिश और प्रॉपर्टी विवाद को भी जांच के दायरे में रख रही है।

 

गांव में तैनात पुलिस बल स्थिति पर नजर रखे हुए है। इधर, परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव के लोग शोक में डूबे हैं। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

See also  मकर संक्रांति पर 14 जनवरी से राजकीय बौंसी मेला सह मंदार महोत्सव का होगा शुभारंभ दोनों उप मुख्यमंत्री मेला का करेंगे उद्घाटन