बांका. विश्व प्रसिद्ध राजकीय बौंसी मेला सह मंदार महोत्सव का शुभारंभ मकर संक्रांति के पावन अवसर पर 14 जनवरी, बुधवार को बौंसी स्थित मेला प्रांगण में किया जाएगा। इस अवसर पर लंबे अरसे के बाद सूबे के दो-दो उप मुख्यमंत्री एक साथ बौंसी पहुंचेंगे, जिससे मेला का उद्घाटन कार्यक्रम खास और ऐतिहासिक बन गया है।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी को दोपहर लगभग तीन बजे उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी तथा उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा हेलीकाॅप्टर के माध्यम से बौंसी पहुंचकर राजकीय मेला सह मंदार महोत्सव का विधिवत उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद गिरिधारी यादव करेंगे। उद्घाटन समारोह में सूबे के पूर्व मंत्री सह बांका विधायक रामनारायण मंडल, धोरैया विधायक मनीष कुमार, अमरपुर विधायक जयंत राज, बेलहर विधायक मनोज यादव, कटोरिया विधायक पुरणलाल टुडू, एमएलसी डाॅ. एनके यादव, विजय कुमार सिंह, संजीव कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव, बौंसी प्रखंड प्रमुख नीतु हेंब्रम, नगर पंचायत बौंसी की मुख्य पार्षद कोमल भारती, उप मुख्य पार्षद गुंजन कुमारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।
14 से 18 जनवरी तक चलेगा सरकारी मेला
इस वर्ष बौंसी में राजकीय मेला 14 जनवरी से प्रारंभ होकर 18 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। पांच दिवसीय इस राजकीय महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक, खेलकूद एवं विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी। खेल प्रतियोगिताओं में प्रमुख रूप से फुटबाॅल, वाॅलीबाॅल, कबड्डी, शतरंज, पतंगबाजी सहित अन्य पारंपरिक एवं आधुनिक खेल शामिल किए गए हैं, जिनमें खिलाड़ियों के साथ दर्शकों की भी अच्छी भागीदारी रहने की उम्मीद है।
गायकों की सजेगी महफिल, कवि सम्मेलन भी होगा आकर्षण का केंद्र
मेला के दौरान सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड एवं स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां दर्शकों को खूब आकर्षित करेंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार 14 जनवरी की शाम बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक यासिर देसाई और चर्चित कलाकार सुस्वाति मलिक अपनी गायकी से समां बांधेंगे। 15 जनवरी को स्थानीय कलाकारों के साथ बॉलीवुड की पार्श्व गायिका कविता पौडवाल एवं प्रसिद्ध गायक सावन सावरे अपने गीतों से श्रोताओं को झुमाएंगे। 16 जनवरी को इंडियन आयडल फेम सह बॉलीवुड सिंगर कपिल थापा मंच पर अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। इसी दिन प्रसिद्ध गायिका सुभो श्री और लोकप्रिय गायक राकेश कुमार सानू भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
17 जनवरी को साहित्य प्रेमियों के लिए कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय व प्रख्यात कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। वहीं 18 जनवरी को भव्य समापन समारोह के साथ राजकीय बौंसी मेला सह मंदार महोत्सव का समापन होगा। प्रशासन व मेला समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं व दर्शकों की बड़ी भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट- दीपक कुमार




