बांका। जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलहर बाजार में रविवार को 40 वर्षीय एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान बेलहर बाजार निवासी स्वर्गीय गोपाल तिवारी के 40 वर्षीय पुत्र मुरारी कुमार के रूप में हुई है। मुरारी कुमार पेशे से सिलाई मशीन का काम करता था और बाजार क्षेत्र में जाना-पहचाना व्यक्ति था। परिजनों के अनुसार, रविवार को वह किसी काम से बाहर गया हुआ था और लौटने के बाद सामान्य व्यवहार कर रहा था।
परिजनों ने बताया कि घर आने के बाद मुरारी कुमार ने स्नान किया और पूजा-पाठ किया। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान उसने अपने छोटे भाई गौतम कुमार तिवारी से पूछा कि क्या उसके हिस्से का भी खाना बना दिया जाए। इस पर उसने कहा कि अभी भोजन नहीं बनाना है और वह बाद में खा लेगा।
कुछ समय बीतने के बाद जब परिजन कमरे की ओर गए तो देखा कि कमरे की लाइट बंद है, जबकि मुरारी रोजाना कमरे में लाइट जलाकर रखता था। संदेह होने पर जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो मुरारी कुमार बेड पर गिरा हुआ मिला। परिजनों ने उसे हिलाकर उठाने की कोशिश की, लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं थी।
इसके बाद परिजन पास के एक रिश्तेदार डॉक्टर को बुलाने गए। डॉक्टर के पहुंचने पर जांच की गई, जिसमें मुरारी कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। मौत की पुष्टि होते ही घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बेलहर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
रिपोर्ट -कमलदेव सिंह




