file 2025 12 16T13 51 42 अमरपुर के तेतरी बांध में 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी, कीर्तन से लौटते समय डूबने की आशंका

अमरपुर के तेतरी बांध में 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी, कीर्तन से लौटते समय डूबने की आशंका

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला के अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर–किसनपुर ग्रामीण पथ पर स्थित तेतरी बांध में मंगलवार की दोपहर एक 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही तेतरिया, किसनपुर, सलेमपुर, पुरनचक, गालिमपुर, महमदपुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। देखते ही देखते बांध के आसपास लोगों की भीड़ लग गई और माहौल गमगीन हो गया।

 

शव की पहचान अमरपुर नगर पंचायत वार्ड संख्या 14, महमदपुर निवासी बीरो पासवान के पुत्र प्रकाश पासवान के रूप में की गई। सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी कंचन देवी, पिता बीरो पासवान, मां जानकी देवी समेत अन्य परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और वहां मौजूद लोग उन्हें ढांढस बंधाते नजर आए।

 

मौके पर मृतक की 15 वर्षीय पुत्री रौशनी कुमारी ने बताया कि उनके पिता सोमवार की संध्या सलेमपुर गांव में कीर्तन में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक जब वे घर वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद समाज के कुछ लोगों के साथ मिलकर पूरी रात और सुबह तक उनकी खोजबीन की गई, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार की दोपहर कुछ ग्रामीणों से सूचना मिली कि तेतरी बांध में एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया है। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि वह शव उनके पिता का ही है।

 

घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि संभवतः प्रकाश पासवान बांध के किनारे शौच के लिए गए होंगे और फिसलन के कारण संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर गए, जिससे डूबकर उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

See also  मां काली मंदिर का पट खुलते ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, डुमरामा में लगा भव्य पूजा मेला

 

सूचना मिलते ही अमरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया।

 

घटनास्थल पर मौजूद वार्ड 14 के पार्षद प्रतिनिधि संतोष झा ने बताया कि मृतक प्रकाश पासवान बेहद मृदुल स्वभाव और मिलनसार व्यक्ति थे। उनके अचानक निधन से पूरा मोहल्ला शोक में डूब गया है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं, जिनमें पुत्री रौशनी कुमारी (15), पियूष कुमार (13) और प्रीतम कुमार (10) शामिल हैं। घटना के बाद मृतक के मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

 

वहीं, थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

रिपोर्ट -अलोक कुमार