.
बांका पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने प्रेस वार्ता कर अमरपुर थाना क्षेत्र में हुई बड़ी पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ आपराधिक तत्व अमरपुर थाना क्षेत्र में किसी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में सक्रिय हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बांका के नेतृत्व में अमरपुर थाना पुलिस, सशस्त्र बल एवं एसटीएफ (SOG-11) की संयुक्त टीम गठित की गई।
गठित टीम द्वारा की गई छापामारी में हत्या एवं शस्त्र अधिनियम के वांछित अभियुक्त मो. इमरान पिता इस्तीयाक तथा मो. फैजान, दोनों निवासी दौना, थाना अमरपुर, को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
छापामारी के दौरान अभियुक्तों के पास से एक लोडेड देशी पिस्तौल, चार जिंदा गोली, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने आर्म्स एक्ट, चोरी एवं हत्या कांड में अपने अन्य सहयोगियों के साथ संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मो. इमरान का आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि मो. फैजान के विरुद्ध अमरपुर थाना में शस्त्र अधिनियम एवं बीएनएस से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।.
रिपोर्ट -दीपक कुमार




