file 2026 04 08T17 02 31 बांका में शंभुगंज में चोरी की वारदात, सूने घर से दो लाख की संपत्ति पार, पुलिस पर उठे सवाल

बांका में शंभुगंज में चोरी की वारदात, सूने घर से दो लाख की संपत्ति पार, पुलिस पर उठे सवाल

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका के शंभुगंज थाना क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। ताजा मामला सोमवार रात बड़ी खजूरी गांव का है, जहां चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए आभूषण समेत करीब दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।

घटना की शिकायत पीड़ित पक्ष के नीरज कुमार ने पुलिस में दर्ज कराई है। गृहस्वामी मनखुश झा ने बताया कि उनका पूरा परिवार राजस्थान में रहता है, जबकि उनके बड़े भाई बांका कोर्ट में कार्यरत हैं। घर और जमीन की देखरेख की जिम्मेदारी गांव के ही हरिबोल ठाकुर को सौंपी गई थी।

बताया जाता है कि हरिबोल ठाकुर घर की देखरेख के साथ-साथ अपने ट्रैक्टर, अनाज और अन्य सामान भी बरामदे में रखने लगे थे। इसी बीच चोरों ने घर का ताला तोड़कर आभूषण, कपड़े और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि केयरटेकर ने घटना की सूचना तुरंत नहीं दी, बल्कि अगले दिन ग्रामीणों के माध्यम से इसकी जानकारी मिली।

सूचना मिलने पर नीरज कुमार मौके पर पहुंचे और घर की स्थिति देख स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर हरिबोल ठाकुर के पुत्र कन्हैया ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि एक माह पूर्व बाजार के आभूषण व्यवसायी राजा साह के घर में भी लूट की घटना हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

See also  बिहार दिवस पर बांका में भव्य आयोजन, जनभागीदारी और विकास पर दिया गया जोर

रिपोर्ट -दीपक कुमार सिंह