Screenshot 20250813 205401 बिहार में 6 नए हवाई अड्डों का रास्ता साफ गयाजी में हर मौसम उड़ान सुविधा मिलेगी

बिहार में 6 नए हवाई अड्डों का रास्ता साफ गयाजी में हर मौसम उड़ान सुविधा मिलेगी

Photo of author

By News Desk

पटना। बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य में 6 नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। मुंगेर, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, सहरसा, सुपौल के बीरपुर और पश्चिम चंपारण के बाल्मीकिनगर में इन हवाई अड्डों का निर्माण होगा। इसके लिए ओएलएस (Obstacle Limitation Surfaces) सर्वे की अग्रिम स्वीकृति 2 करोड़ 90 लाख 91 हजार 720 रुपये दी गई है। यह सर्वे हवाई अड्डे की सुरक्षा और डिजाइन तय करने का अहम चरण है, जिसमें टेकऑफ और लैंडिंग पथ में आने वाली बाधाओं की पहचान की जाती है।

पूर्णिया से पहले 6 जिलों का नक्शा तैयार

पूर्णिया हवाई अड्डे के उद्घाटन से पहले ही राज्य सरकार इन छह जिलों का ‘आसमानी मानचित्र’ तैयार करने में जुट गई है। सरकार का मानना है कि इससे राज्य में हवाई कनेक्टिविटी कई गुना बढ़ेगी। यह न केवल यात्रियों को तेज और आरामदायक यात्रा विकल्प देगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।

गया एयरपोर्ट का होगा विस्तार

बैठक में गया एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के तहत कैट-1 लाइट सिस्टम लगाने की मंजूरी भी दी गई। इस तकनीक से कोहरा, धुंध या खराब मौसम में भी विमानों का संचालन संभव होगा। इसके लिए 18.2442 एकड़ जमीन अर्जित करने हेतु 137 करोड़ 17 लाख 16 हजार 16 रुपये का मुआवजा स्वीकृत किया गया है। दरभंगा में नया एयरपोर्ट और पटना एयरपोर्ट के विस्तार के बाद अब पूर्णिया से भी जल्द हवाई सेवा शुरू होगी, जिसकी तारीख किसी भी समय घोषित हो सकती है।