IMG 20251109 223444 कुरकुरे खाने के बाद तीन बच्चियों की तबीयत बिगड़ी, भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर

कुरकुरे खाने के बाद तीन बच्चियों की तबीयत बिगड़ी, भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोर्ट-चन्दन कुमार

बांका जिले के नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र के बाबरचक गांव में रविवार को तीन बच्चियों की अचानक तबीयत बिगड़ जाने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियों ने गांव के ही एक दुकान से कुरकुरे खरीदकर खाए थे। कुरकुरे खाने के कुछ समय बाद ही उनकी स्थिति बिगड़ने लगी। परिजनों ने घबराकर उन्हें तुरंत रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

 

बीमार बच्चियों की पहचान बाबरचक गांव निवासी कन्हाई पासवान की चार वर्षीय पुत्री विद्या कुमारी, रामस्वरूप पासवान की दो वर्षीय पुत्री अक्षरा कुमारी और मनोज कुमार की तीन वर्षीय पुत्री लाखो कुमारी के रूप में की गई है। बताया गया कि तीनों बच्चियां घर में खेलने के बाद अचानक बेसुध होकर नींद में बड़बड़ाने लगीं। परिवार के लोग जब तक कुछ समझ पाते, उनकी हालत और खराब हो गई।

 

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार ने बताया कि बच्चियों को जब अस्पताल लाया गया, वे बेसुध थीं और नींद जैसी अवस्था में बड़बड़ा रही थीं। उन्होंने कहा कि यह मामला फूड प्वाइजनिंग जैसा प्रतीत नहीं होता, क्योंकि किसी को उल्टी या पेट दर्द की शिकायत नहीं थी। फिर भी उनकी हालत गंभीर थी, इसलिए उन्हें भागलपुर रेफर किया गया।

 

फिलहाल दो बच्चियों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। परिजन और ग्रामीण घटना से बेहद चिंतित हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम इस घटना की जांच में जुटी है कि कुरकुरे खाने के बाद बच्चियों की हालत बिगड़ने की असली वजह क्या थी।