बिहार के अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-57 पर पलासी मोड़ के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। इसी दौरान पलासी मोड़ के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को इलाज के लिए फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। फारबिसगंज डीएसपी मुकेश कुमार शाह ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जानकारी मिली है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मृतक कहां से आ रहे थे और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। इधर, एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।




